ढाबे के बाहर दर्दनाक हादसा, पानी लेने उतरे सिपाही को ट्रक ने कुचला
पाली| जिले में शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पुलिस महकमे को गहरा झटका लगा। ट्रांसपोर्ट नगर थाना क्षेत्र में जयपुर-पाली सड़क मार्ग पर हनुमान ढाबे के बाहर एक तेज रफ्तार ट्रक ने पुलिस की जांच वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में पुलिस लाइन में तैनात सिपाही दुर्गादान चारण की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, सिपाही दुर्गादान चारण जांच टीम को उस जगह लेकर गए थे, जहां एक दिन पहले बदमाशों के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई थी। टीम वहां सबूत जुटाने गई थी। काम पूरा होने के बाद लौटते समय रात करीब ग्यारह बजे सभी लोग खाना खाने के लिए ढाबे पर रुके थे।
वैन से उतरते समय हुआ हादसा
हादसे के समय टीम के बाकी सदस्य ढाबे के अंदर चले गए थे, जबकि दुर्गादान वैन से पानी की बोतल निकालने के लिए नीचे उतर रहे थे। उसी समय सोजत की ओर से आ रहा एक बेकाबू ट्रक वैन से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि वैन घूम गई और दुर्गादान उसकी चपेट में आ गए। वे गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके साथ मौजूद पुलिसकर्मी उन्हें तुरंत पाली के बांगड़ अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने बताया कि टक्कर से उनके हाथ-पैर टूट गए थे और सीने की पसलियां भी टूट गई थीं, जिससे उनकी जान नहीं बच सकी।
गांव में मातम, पुलिस में शोक
दुर्गादान चारण मूल रूप से बालोतरा जिले के सरवड़ी गांव के रहने वाले थे। जैसे ही इस घटना की खबर मिली, पुलिस के बड़े अधिकारी अस्पताल पहुंच गए। पूरे पुलिस महकमे में शोक की लहर है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।
अंडमान दौरे पर राहुल गांधी का हमला—‘यहां सबसे बड़ा घोटाला हो रहा’
Preity Zinta के साथ स्टैंड में दिखी मिस्ट्री गर्ल
Irrfan Khan की पुण्यतिथि पर याद आए उनके आखिरी ट्वीट
BJP नेता सुवेंदु अधिकारी को TMC कार्यकर्ताओं ने घेरा, लगे ‘चोर-चोर’ के नारे
1 बजे तक 61% मतदान, ISF प्रमुख नौशाद सिद्दीकी और TMC समर्थकों में भिड़ंत