ओलावृष्टि से बर्बाद फसल, कम दाम का सदमा… मंडी में किसान की मौत
कोटा। राजस्थान के कोटा जिले में गेहूं बेचने भामाशाह मंडी पहुंचे एक किसान की अचानक मौत होने का मामला सामने आया है। मृतक किसान झाड़ अमली गांव के निवासी थे, जो किराए पर जमीन लेकर खेती करते थे। वहीं अनंतपुरा थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
अनंतपुरा थाने के एसआई घमंडी लाल ने बताया कि मृतक किसान हंसराज वैष्णव मंडी के यार्ड में फसल बेचने के लिए खड़े थे। इसी दौरान वे बेहोश हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारण स्पष्ट हो पाएंगे। हालांकि प्रारंभिक रूप से हार्ट अटैक से मौत की आशंका जताई जा रही है।
किराए पर खेत लेकर किसाने उगाई थी फसल
वहीं परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार, हंसराज के पास 4 बीघा जमीन थी। इस बार उन्होंने 10 बीघा जमीन किराए पर लेकर गेहूं की खेती की थी। हाल ही में हुई बारिश और ओलावृष्टि से उनकी फसल खराब हो गई थी। हंसराज पिकअप वाहन में गेहूं लेकर बेचने मंडी पहुंचे थे, जहां उन्हें गेहूं के कम दाम बताए गए। इससे वे तनाव में आ गए और अचानक हार्ट अटैक आ गया। परिजनों के अनुसार, उन्हें पहले कोई बीमारी नहीं थी।
किसान पर था 8 लाख का कर्ज
बताया जा रहा है कि पिछले साल भी उनकी सोयाबीन की फसल खराब हो गई थी और उन पर करीब 8 लाख रुपये का कर्ज था। लगातार फसल खराब होने से वे काफी परेशान चल रहे थे।
मन्नत पूरी, फिर मातम: मंदिर से लौटते समय हादसे में महिला की मौत
DRDO का बड़ा कदम: AI सैटेलाइट ‘प्रज्ञा’ से मजबूत होगी देश की सुरक्षा
मैथ्यू हेडन का कड़ा रुख: 99 रन की हार को बताया 'अस्वीकार्य', बल्लेबाजों की मानसिकता पर उठाए सवाल।