बिलासपुर। बारिश फिर उमस और अब तापमान में वृद्धि होने लगी है। मौसम विभाग की मानें तो 16 अप्रैल यानी आज भी मौसम का मिजाज बदल सकता है। द्रोणिका के सक्रिय होने के कारण प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी भी संभव है। फिलहाल बिलासपुर का अधिकतम तापमान अभी 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक है। जिसके कारण लोग उमस से हलकान हो रहे हैं।लालपुर स्थित मौसम वेधशाला के विज्ञानी डा. एचपी चंद्रा के मुताबिक एक द्रोणिका दक्षिण अंदरुनी कर्नाटक से विदर्भ तक 0.9 किमी ऊंचाई पर विस्तारित है। प्रदेश के उत्तर में उत्तरी-पश्चिम और दक्षिण में दक्षिणी हवा का आगमन लगातार बना हुआ है। इसके कारण हवाओं का संगम बना हुआ है और यह स्थिति बनी है। 16 अप्रैल को भी बिलासपुर में गर्मी से लोगों को थोड़ी राहत मिलने की संभावना है। उत्तर व दक्षिण हवाओं के कारण एक दो स्थानों पर बारिश हो सकती है। हालांकि अधिकतम व न्यूनतम तापमान में कोई खास परिवर्तन नहीं होगा। आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। मौसम शुष्क रहेगा। बता दें कि गुरुवार को अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। जिसमें आज दो डिग्री की वृद्धि दर्ज कि गई है।