चित्रकूट । मानिकपुर थाना के दराई गांव में शुक्रवार की सुबह करीब 10 बजे 12 वर्षीय किशोर का शव सरसों के खेत में मिला है। प्रथम दृष्टया उसकी हत्या कर शव को खेत में फेंका गया है। वह गुरुवार की शाम को घर से निकला था। शव मिलने पर मानिकपुर थाना पुलिस पहुंच गई है और शव को कब्जे में लेकर जांच में जुटी।

मानिकपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दराई गांव के रहना वाले फूलचंद यादव का 12 वर्षीय बेटा सुरेंद्र कुमार गांव के ही पर्व माध्यमिक विद्यालय में कक्षा  छह में पढ़ता था। पिता के मुताबिक गुरुवार शाम करीब सात बजे वह घूमने के लिए घर से निकला गया था लेकिन देर रात तक लौटकर नहीं आया। उन्होंने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ उसकी काफी खोजबीन की। पूरी रात उसका कोई पता नहीं चला। शुक्रवार की सुबह सुरेंद्र का शव सरसों के खेत में पड़ा मिला। स्वजन की सूचना पर मानिकपुर थाना प्रभारी निरीक्षक गिरेंद्र कुमार सिंह फोर्स के साथ घटना स्थल पहुंचे। वहीं दूसरी ओर सुरेंद्र का शव मिलने के परिवार में कोहराम मच गया है।

पुलिस उपाधीक्षक मऊ सुबोध गौतम ने बताया कि प्रथमदृष्टया किशोर की हत्या की गई है उसके गले में निशान है जैसे किसी ने गला दबाया है। किशोर को किस कारण से मारा गया है इसके लिए लोगों से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही सभी चीज साफ होगी।