घर में सो रही महिला की हत्या कर दी गई। आधी रात बाद उसका शव घर के अंदर ही भूसे की कोठरी में पड़ा मिला। उसके मुंह पर रूमाल बंधा था और पैरों में भी चोट के निशान थे। मृतका के पति ने गांव के ही तीन लोगों पर हत्‍या का आरोप लगाया है। उसका कहना है कि उन लोगों ने दिसंबर 2021 में उसकी पत्नी के साथ छेड़छा़ड़ की थी, जिसका मुकदमा चल रहा है और उसी में वह लोग सुलह करने की धमकी भी दे रहे थे।

सांडी क्षेत्र के संतोषापुरवा निवासी महिला का पति और उसके दो बच्चे सोमवार की रात छत पर सो रहे थे। वह नीचे सोई थी, आधी रात बाद उसके पति ने चादर मांगी, कई बार आवाज देने पर कोई आहट न होने पर वह नीचे आया। पत्नी के कमरे में देखा पर वह वहां नहीं दिखी। इधर-उधर देखा तो भूसे की कोठरी में पड़ी चारपाई पर उसका शव मिला।