भारतीय घरों की रसोई में लगभग रोजाना ही दाल चावल पकता है। दाल-चावल ऐसा भोजन है, जो देश भर में खाया जाता है। कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक लोग अलग अलग ढंग से दाल बनाते हैं और रोजाना वाले खाने में शामिल करते हैं। दाल सेहत के लिए अच्छी भी होती है और बजट के अंदर भी। कई लोग तो बिना दाल के भोजन को अधूरा मानते हैं। हालांकि रोज रोज दाल खाने से हो सकता है कि लोग बोर भी महसूस करने लगे। दाल की कई वैरायटी हैं, जैसे तोर दाल, चना दाल, मूंग दाल, मसूर दाल आदि। रोजाना एक जैसी दाल खाने वाले दाल की अलग अलग वैरायटी बनाकर भोजन को बोरियत से बचाते हैं लेकिन दाल की प्रकार को बदलने के साथ ही आप उसके स्वाद में बदलाव ला सकते हैं। इससे रोजाना ही दाल कुछ अलग स्वाद की लगेगी और खाने का मजा दोगुना हो जाएगा। दाल के स्वाद में बदलाव चाहते हैं तो कुछ आसान तरीकों से दाल को ट्विस्ट दें। दाल बनाते समय कुछ बातों का ध्यान रखें। दाल का स्वाद भी बदल जाएगा और खाना रोज से अलग भी होगा।

तड़के में दें ट्विस्ट

दाल का स्वाद उसके तड़के से दोगुना हो जाता है। तड़के वाली दाल लगभग हर किसी को पसंद होती है। ऐसे में अगर आप हमेशा ही दाल में तड़का देते हैं तो तड़के में बदलाव करके दाल को ट्विस्ट दे सकते हैं। हर दिन दाल में अलग अलग तरह का तड़का लगा सकते हैं। जैसे कभी जीरा का तड़का, तो कभी राई से दाल फ्राई करें। करी पत्ते का तड़का भी दे सकते हैं। इसके अलावा सहजन की फलियों का तड़का,प्याज-टमाटर का तड़का, सूखी लाल मिर्च का तड़का दे सकते हैं।

घी बढ़ाएगा दाल का स्वाद

दाल में तड़का देने के साथ ही घी का उपयोग कर सकते हैं। घी से दाल का स्वाद अधिक आता है। इसलिए दाल बनाते समय घी का तड़का दे सकते हैं। हालांकि अगर सहजन की फलियों का तड़का दे रहे हैं तो तेल का तड़का दिया जाता है।

मिक्स दाल

एक ही तरह की दाल खाकर बोर हो गए हैं तो दाल में ट्विस्ट देने के लिए मिक्स दाल बना सकते हैं। दो दाल को मिक्स करके बनाएं या राजस्थानी या पंजाबी रेसिपी से पंचमेल दाल बनाएं। इसका स्वाद भी रोज वाली दाल से अलग रहेगा और आपको खाने में कुछ नयापन मिलेगा।

लहसुन डालें

दाल बनाते समय लहसुन डालकर उसके स्वाद को बदल सकते हैं। दाल उबालते समय दो कली लहसुन, एक कटी हुई हरी मिर्च, थोड़ी सी हींग मिला लें। इससे दाल में लहसुन का फ्लेवर और हींग का स्वाद दोनों आएगा।