डैंड्रफ  बालों की सबसे जिद्दी समस्याओं में से एक है | ऐसा बहुत बार होता है जब कई तरह के ब्यूटी प्रोडक्ट्स इस्तेमाल करने के बावजूद भी इस समस्या से निजात पाना मुश्किल हो जाता है | ऐसे में बहुत से लोग केमिकल युक्त प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं | ये प्रोडक्ट्स बालों को कई बार काफी नुकसान पहुंचाते हैं | इस कारण बालों संबंधित समस्याएं जैसे बालों का झड़ना और रूखापन काफी बढ़ जाता है | ऐसे में डैंड्रफ की समस्या से निजात पाने के लिए आप प्राकृतिक सामग्री का इस्तेमाल करके भी हेयर मास्क बना सकते हैं | ये हेयर मास्क न केवल डैंड्रफ से छुटकारा  दिलाने में मदद करेंगे बल्कि आपकी बालों को भी चमकदार और हेल्दी बनाएंगे |

नींबू और दही हेयर मास्क : दही में लैक्टिक एसिड होता है | ये स्कैल्प की गंदगी और मृत त्वचा कोशिकाओं को हटाने में मदद करता है | इसमें एंटी-फंगल गुण भी होते हैं | ये डैंड्रफ की समस्या को दूर करने में मदद करते हैं | दही प्रोटीन से भी भरपूर होती है | नींबू में साइट्रिक एसिड होने के कारण ये डैंड्रफ का एक प्रभावी उपाय भी है | इस हेयर मास्क को बनाने के लिए दो बड़े चम्मच दही में दो बड़े चम्मच नींबू का रस मिलाएं और इसे स्कैल्प और बालों पर लगाएं | इसे 30 मिनट के लिए लगा रहने दें | इसके बाद बालों को साफ पानी से धो लें |

नीम और नारियल तेल का मास्क : नीम में एंटी-फंगल, एंटीसेप्टिक और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं | ये स्कैल्प की खुजली और रूखेपन को दूर करने का काम करते हैं | हेल्दी बालों के लिए नीम और नारियल तेल का इस्तेमाल हमेशा से किया जाता रहा है | इस मास्क को  बनाने के लिए लगभग 10-20 नीम के पत्तों को नारियल के तेल में मिलाकर एक गाढ़ा पेस्ट बना लें | इसे बालों और स्कैल्प पर लगाएं | इसे 15 से 20 मिनट के लिए लगा रहने दें | इसके बाद बालों को साफ पानी से धो लें |

बेकिंग सोडा, अंडे और जैतून के तेल के साथ हेयर मास्क : बेकिंग सोडा में एंटीसेप्टिक गुण होते हैं | बालों के रूखेपन से बचने के लिए आप अंडे और जैतून के तेल इसमें मिलाएं | अंडे में प्रोटीन भरपूर मात्रा में होता है | इस मास्क को बनाने के लिए एक मिक्सिंग बाउल में एक चम्मच बेकिंग सोडा और एक अंडे की जर्दी मिलाएं | इसमें 2 से 4 चम्मच जैतून का तेल मिलाएं | इस मास्क को बालों में 20 मिनट के लिए लगा रहने दें | इसके बाद बालों को शैंपू से धो लें |